ब्रेकिंग न्यूज़: क्या भारत पर कार्रवाई कर सकता है अमेरिका?

आज की ताजा खबर (Aaj Taaja Khabar): इमरान खान के खिलाफ पाकिस्तान कैबिनेट सचिवालय ने एक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसमें इमरान खान को तत्काल प्रभाव से पीएम पद से हटाने की बात कही गई है। श्रीलंका की पूरी कैबिनेट ने दिया इस्तीफा। यूक्रेन की राजधानी कीव से रूसी सेना के पीछे हटने के बाद खौफनाक मंजर सामने आया। आईपीएल इतिहास में पहली बार लगातार तीन मैच हारी चेन्नै सुपर किंग्स। ब्रेकिंग न्यूज़: क्या भारत पर कार्रवाई कर सकता है अमेरिका?

04 अप्रैल 2022 आज की ताजा खबर(Latest News in Hind): आप सुन रहे हैं नवभारत गोल्ड का डेली न्यूजकास्ट। आज की ब्रेकिंग न्यूज़ – पाकिस्तान के पीएम पद से हटे इमरान खान, कैबिनेट सचिवालय ने जारी किया नोटिफिकेशन। श्रीलंका में इमरजेंसी के बीच पूरी कैबिनेट ने इस्तीफा दिया। आईपीएल इतिहास में पहली बार लगातार तीन मैच हारी चेन्नै सुपर किंग्स। इन खबरों को विस्तार से सुनेंगे, लेकिन उससे पहले बात करते हैं आज के सबसे बड़े मुद्दे की। आज का मुख्य समाचार है, ‘ रूस के मसले पर क्या भारत के खिलाफ कोई कार्रवाई कर सकता है अमेरिका ?’ इस बारे में हमारे सहयोगी अक्षय शुक्ला ने बात की जेएनयू में स्कूल ऑफ इंटरनैशनल स्टडीज की असिस्टेंट प्रफेसर डॉ. अंशु जोशी से।
चीन में फिर से कोरोना का आतंक
चीन में कोरोना के मामलों में एकबार फिर से बढ़ोतरी देखी जा रही है। शंघाई में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9 हज़ार 6 नए मामले दर्ज किए गए हैं। कोरोना की पहली लहर की पीक के बाद से यह एक दिन में सबसे अधिक दर्ज किए गए मामले हैं। बताया जा रहा है कि शंघाई के अस्पतालों में मरीजों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि यहां लोगों को भर्ती करने के लिए जगह नहीं बची है। इन लोगों के इलाज के लिए 2 हज़ार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को शंघाई भेजा जा रहा है।
पाकिस्तान के पीएम पद से हटे इमरान खान
पाकिस्तान में सियासी उथल-पुथल शांत हो नज़र नहीं आ रही है। अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद अब इमरान खान के खिलाफ पाकिस्तान कैबिनेट सचिवालय ने एक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसमें इमरान खान को तत्काल प्रभाव से पीएम पद से हटाने की बात कही गई है। उधर, पाकिस्तान के चीफ जस्टिस उमर अता बंदियाल ने कहा कि नैशनल असेंबली को भंग करने के संबंध में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति द्वारा शुरू किए गए सभी आदेश और कदम अदालत के आदेश के अधीन होंगे।
श्रीलंका की पूरी कैबिनेट ने दिया इस्तीफा
श्रीलंका में आपातकाल के बीच सियासी उठापटक तेज हो गई है। रविवार देर रात देश की पूरी कैबिनेट ने तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया। श्रीलंका के शिक्षा मंत्री एवं सदन के नेता दिनेश गुणवर्धने ने बताया कि 26 कैबिनेट मंत्रियों ने श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे को इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि इस फैसले के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। इससे पहले राजधानी कोलंबो में रविवार को सरकार के खिलाफ विरोध करने पर 650 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया।
कीव से सामने आई भयावह तस्वीरें
यूक्रेन की राजधानी कीव से रूसी सेना के पीछे हटने के बाद खौफनाक मंजर सामने आया है। कीव से आम नागरिकों के बरामद शवों की संख्या बढ़ती जा रही है। राजधानी के आसपास के बुचा समेत कई इलाकों से अब तक 410 नागरिकों के शव बरामद हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इसे नरसंहार बताया है। वहीं, विदेश मंत्री ने कहा कि रूसी सैनिकों ने गुस्से में ये हत्याएं की हैं।
रेव पार्टी में 142 लोग हिरासत में
हैदराबाद में एक रेव पार्टी में साउथ एक्टर नागा बाबू की बेटी सहित 142 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक पार्टी के दौरान कोकिन और ड्रग्स मिले है, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, नागा बाबू ने कहा है कि उनकी बेटी का ड्रग्स केस से कोई संबंध नहीं है।