10 मार्च 2022 आज की ताजा खबर और समाचार हिंदी में – ब्रेकिंग न्यूज: क्या जल्द ही खत्म हो जाएगा रूस-यूक्रेन युद्ध, उत्तर प्रदेश में 403 सीटों के रुझानों, बीजेपी 223 पर आगे

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taaja Khabar):नतीजों से पहले मंदिर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आएंगे। 403 सीटों के रुझानों में बीजेपी 223 पर आगे है | पंजाब में आप-41 । गोवा की 40 सीटों में से 21 पर बीजेपी आगे है, कांग्रेस ने 12 सीटों पर बढ़त बनाई | उत्तराखंड में बीजेपी 34 सीटों पर आगे | रूस का यूक्रेन पर हमला 15वें दिन भी जारी। पढ़ें 10 मार्च 2022 की ताजा खबरें (Latest News in Hindi) और हिंदी समाचार(Hindi News) , लाइव ब्रेकिंग न्यूज़, भारत समाचार आज की ताजा खबर, Latest News on Election
10 मार्च 2022 ताजा खबर: आप सुन रहे हैं नवभारत गोल्ड का डेली न्यूजकास्ट। इस वक्त की बड़ी सुर्खियां हैं, पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज। यूक्रेन में रेडिएशन फैलने का खतरा। रविंद्र जडेजा बने दुनिया के नंबर 1 ऑलराउंडर। इन खबरों को विस्तार से सुनेंगे, लेकिन उससे पहले बात करते हैं आज के सबसे बड़े मुद्दे की। आज का सबसे बड़ा मुद्दा है, ‘रूस-यूक्रेन के तेवर नरम, क्या खत्म होने वाली है जंग?’ इस बारे में बात करने के लिए हमारे साथ हैं रक्षा और विदेश मामलों के जानकार हर्ष वी पंत।
पांचों राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में क्या है हाल
-उत्तर प्रदेश में आएंगे फिर योगी ही का नारा सही साबित होता नजर आ रहा है। 403 सीटों के रुझानों में बीजेपी 223 पर आगे है, सपा 82 सीटों पर। वहीं कांग्रेस 05 और बीएसपी 04 सीटों पर आगे है। चार सीटों पर अन्य दलों/निर्दलीय की बढ़त है।
– उत्तराखंड की 70 सीटों के रुझान सामने आए गए हैं। इसमें 43 सीटों पर बीजेपी आगे है। 23 पर कांग्रेस को बढ़त है। आप का यहां खाता खुलता नजर नहीं आ रहा है। अन्य के खाते में चार सीटें जाती नजर आ रही हैं। पंजाब में आप 84 सीटों पर आगे है। कांग्रेस 18 सीटों पर बीजेपी चार सीटों पर बढ़त बनाती दिख रही है।
-गोवा की 40 सीटों में से 21 पर बीजेपी आगे है, कांग्रेस ने 12 सीटों पर बढ़त बनाई है। टीएमसी चार सीटों पर और आप ने एक सीट पर बढ़त बनाई है।
-मणिपुर की 60 सीटों पर 09 पर कांग्रेस आगे है। 29 सीटों पर बीजेपी, 22 सीटों पर अन्य की बढ़त है।
पंजाब में ये दिग्गज चल रहे पीछे
पंजाब में शुरुआती रुझानों में कई ऐसे बड़े नाम हैं जो अभी पीछे चल रहे हैं। भगवंत मान, अमरिंदर सिंह और सुखपाल खैरा जैसे बड़े नाम है जो पिछड़ते नज़र आ रहा है। सूबे की लांबी सीट से प्रकाश सिंह बादल पीछे हैं। सुल्तानपुर लोधी से कांग्रेस के बागी और मंत्री राणा गुरजीत के बेटे 6200 वोट से आगे चल रहे हैं। प्रकाश सिंह पीछे चल रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला सीट से पीछे हैं।
अरविंद केजरीवाल एक दिन पीएम बनेंगे: राघव चड्ढा
पंजाब में आम आदमी पार्टी बढ़त बनाने के बाद उत्साह से लबरेज नज़र आ रही है। रुझान देखकर लग रहा है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार बना लेगी। इस बीच आप नेता राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब राष्ट्रीय ताकत है। अरविंद केजरीवाल एक दिन देश के प्रधानमंत्री जरूर बनेंगे।
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज
पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में राजनीतिक दलों के भाग्य का फैसला आज होगा। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में किसकी सरकार बनेगी, यह तस्वीर आज शाम तक साफ हो जाएगी। काउंटिंग सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना के लिए इन राज्यों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
नतीजों से पहले मंदिर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आजाएंगे। नतीजों से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। काउंटिंग से पहले जारी किए गए एग्जिट पोल्स में फिर से बीजेपी की सरकार बनती नजर आ रही है।
काउंटिंग से पहले सपा ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश में काउंटिंग से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने ईवीएम को लेकर बीजेपी और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कार्यकर्ताओं और आम लोगों से निगरानी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि, ‘मतगणना केंद्रों को ‘लोकतंत्र का तीर्थ’ समझकर वहां जाएं और डटे रहें, सत्तापक्ष द्वारा चुनाव परिणाम में हेराफेरी की हर साज़िश को असंभव बना दें! सपा-गठबंधन की जीत हो रही है, इसलिए भाजपाई धांधली की कोशिश कर रहे हैं।’
पार्टी विधायकों को काबू में रखने के लिए कांग्रेस ने कसी कमर
कांग्रेस ने विधायक बचाने के लिए पहले ही कसी कमर। पार्टी को पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में सरकार बनाने का भरोसा । कांग्रेस विधायकों पर कंट्रोल के लिए छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल को उत्तराखंड, अजय माकन को पंजाब और कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार को गोवा भेजा गया। उधर, गोवा में बीजेपी ने गठबंधन पर बातचीत शुरू कर दी है। पार्टी के गोवा प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने सभी 40 कैंडिडेट्स को बुलाकर गठबंधन पर बात की। पार्टी यहां महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP)से गठबंधन कर सकती है।
`यूक्रेन में रेडिएशन फैलने का खतरा
यूक्रेन में रेडिएशन फैलने का खतरा। चेर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट में कूलिंग सिस्टम के लिए बिजली का संकट गहराने लगा है। यूक्रेन के मुताबिक, रिजर्व डीजल जेनरेटर सिर्फ 48 घंटे तक ही प्लांट को बिजली दे सकते हैं। इसके बाद कूलिंग सिस्टम के लिए बिजली नहीं मिलेगी और रेडिएशन होने लगेगा। उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि उनका देश अब नाटो (NATO)का मेंबर नहीं बनेगा।
दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर बने रविंद्र जडेजा
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में बल्ले और गेंद दोनों से कमाल करने वाले रविंद्र जडेजा दुनिया के नंबर 1 ऑलराउंडर बन गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान जेसन होल्डर की जगह ली है। वहीं, रविचंद्रन अश्विन का नाम इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर है। बल्लेबाजों में विराट कोहली ने टॉप 5 में फिर से जगह बनाई है। वे 5वें नंबर पर हैं।
श्रीसंत ने क्रिकेट को कहा अलविदा
तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत ने बुधवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। वह मैच फिक्सिंग के आरोपों में जांच के कारण लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहे थे। श्रीसंत ने इंडिया के लिए 27 टेस्ट मैच, 53 वनडे और 10 टी-20 मैच खेले। वह भारत की 2007 टी-20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीमों का भी हिस्सा रहे थे।